मृतक सुशील राय की फाइल फोटो। संवाद
शहर कोतवाली क्षेत्र के बागेश्वर नगर मोहल्ले स्थित एक मैरेज हॉल में करंट लगने से होटल कर्मचारी की मौत हो गई। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गांगेपुर गांव निवासी सुशील राय (32) रोडवेज के पास स्थित एक होटल में काम करते थे। वह पास के एक मैरेज हॉल में रहते थे। मंगलवार की शाम होटल में ड्यूटी करने के बाद वह मैरेज हॉल स्थित अपने कमरे में चले गए।
रात में परिसर में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। बुधवार की सुबह लोगों ने उन्हें परिसर में मृत अवस्था में पड़ा देखा। उनके हाथ में बिजली का तार था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सुशील चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर थे। उनकी मौत की खबर गांव और परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।