आशा बहुओं ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य अहरौला पर जमकर हंगामा मचाया। जनसंख्या नियंत्रण रैली का बहिष्कार करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि बकाया न मिलने पर वह आंदोलन को बाध्य होंगी।
स्वास्थ्य केंद्र से मंगलवार को जनसंख्या नियंत्रण रैली निकलनी थी। रैली में शामिल होने के लिए आशा बहुएं भी पहुंची। इस दौरान उन्होंने पूर्व में किए गए कार्यों का अब तक मेहनताना न मिलने पर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान आशा ने स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली का बहिष्कार कर दिया। विभागीय लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह जिद पर अड़ी रही।
लगभग एक घंटे तक इस हंगामें के बाद उनका प्रदर्शन समाप्त हुआ। संघ की अध्यक्ष मधुबाला सिंह ने कहा कि पिछले अप्रैल महीने से उनके द्वारा कराए गए नसबंदी, फाइलेरिया अभियान आदि का पैसा नहीं दिया गया। वहीं संगिनी को बिना कार्य किए ही मानदेय दिया जा रहा है। अप्रैल 2015 से अभी तक किसी भी प्रकार के किए गए कार्य का धन नहीं दिया गया। चेतावनी दी कि अगर जल्द बकाए का भुगतान नहीं हुआ तो वह सड़क पर उतरने को बाध्य होंगी।
इस मौके पर बृजबाला सिंह, आशा शर्मा, सावित्री देवी, राधिका, सुनीता सिंह, शारदा मौर्या, नीलम मौर्या, रीता देवी, अनीता देवी, सरला, सविता सहित काफी संख्या में आशा बहुएं मौजूद रहीं।