अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में 14 अगस्त को आई बाढ़ में लापता सेना के हवलदार उपेंद्र यादव की डीएनए जांच से पहचान की पुष्टि हो गई है। जिस बेटे के सकुशल लौटने की राह परिवार देख रहा था, अब उसका पार्थिव शरीर बुधवार रात तक पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।
सिधारी थाना क्षेत्र के मोहम्मदल्ला गांव निवासी उपेंद्र यादव के भाई सत्येंद्र यादव ने बताया कि बाढ़ के बाद बरामद शव के आधे हिस्से का डीएनए परीक्षण कराया गया था। जांच रिपोर्ट में उसकी पहचान उपेंद्र यादव के रूप में हुई। बुधवार की रात तक पार्थिव शरीर घर पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उपेंद्र यादव पांचवीं ग्रेनेडियर में हवलदार के पद पर तैनात थे। 14 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में आई बाढ़ की चपेट में सेना के पांच जवान लापता हो गए थे, जबकि दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया था। हादसे के बाद से ही उपेंद्र के परिजन उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे।
वर्ष 2005 में सेना में भर्ती हुए उपेंद्र की तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। वह पासु पानी सेना शिविर में तैनात थे। तीन भाइयों में सबसे छोटे उपेंद्र की शादी वर्ष 2007 में निजामाबाद थाना क्षेत्र के बड़ा गांव निवासी निर्मला यादव से हुई थी। करीब ढाई महीने तक चली तलाश और इंतजार के बाद डीएनए जांच से पहचान की पुष्टि हुई तो परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।