आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र के एक गांव में कक्षा नौ में पढ़ने वाली एक किशोरी ने बृहस्पतिवार देर रात प्रेमी के साथ मिलकर अपनी बड़ी बहन की कुल्हाड़ी और हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। इसके बाद घर पर ऐसा सीन बनाया कि पिता ने मां और बेटी को ही विवाहिता का हत्यारोपी मान लिया। थाने में दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में मामला खुला तो मुकदमे से मां का नाम निकाल कर प्रेमी का नाम शामिल किया गया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति की बड़ी बेटी (28) की शादी बिलरियागंज निवासी युवक से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। पति सऊदी अरब में नौकरी करता है। बेटी मायके में ही रहती थी।
बृहस्पतिवार रात 12 बजे के करीब उसकी उसी के कमरे में हत्या कर दी गई। सुबह जानकारी हुई तो पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया। दिन में 11 बजे एसपी ग्रामीण एनपी सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।
पूछताछ में पता चला कि छोटी बहन ने ही गांव निवासी अपने प्रेमी संदीप के साथ मिलकर बड़ी बहन की हत्या कर दी थी। क्योंकि बड़ी बहन इस प्रेम प्रसंग का विरोध करती थी। एसपी ग्रामीण एनपी सिंह ने बताया कि प्रेमी संदीप और प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। मां को जल्द ही छोड़ दिया जाएगा।