होली और रमजान माह को देखते हुए बाजार सजे रंगीन चिप्स आदि की दुकान। संवाद
आजमगढ़। होली और रमजान माह को देखते हुए मुख्य चौक स्थित बाजार समेत अन्य बाजारों में इन दिनों रंगीन चिप्स और तरह-तरह के पापड़ से सज गए हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों की मांग को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग फ्लेवर और वैरायटी के चिप्स मंगाए हैं। दुकानों पर खासकर बच्चों और युवाओं में रंगीन पैकेट वाले चिप्स को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। होली के मद्देनजर जहां पारंपरिक आलू, मूंग, साबूदाना के पापड़, चिप्स, चावल, बेसन की भिंडी चुरीं और नमकीन की बिक्री बढ़ी है। इस बार केले और आलू के चिप्स की मांग ज्यादा हो रही है। चिप्स कारोबारी विजय गुप्ता ने बताया कि केले और चावल से बने चिप्स को ग्राहक ज्यादा पसंद कर रहे हैं। होली पर्व में कुछ दिन ही शेष बचे हैं और रमजान का महीना चल रहा है। इसे देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पापड़ और चिप्स मंगाया गया है। दुकानदार संदीप बरनवाल ने बताया कि इस बार चिप्स और पापड़ के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। पुराने रेट पर ही चिप्स और पापड़ बेचे जा रहे हैं। चावल, केले और आलू से बने पापड़ और चिप्स की कीमत 120 से 180 रुपये किलो तक है।