- आंखों में जलन, दर्द या धुंधलापन बना रहे तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं
आजमगढ़। रंगों का पर्व होली आज है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही आंखों और त्वचा के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। नेत्र विशेषज्ञ ने लोगों से अपील की है कि होली खेलते समय सावधानी बरतें और आंखों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश कुमार सेठ ने बताया कि होली में आंखों में रंग या पानी चला जाना आम बात है, लेकिन आंखों को रगड़ने से समस्या बढ़ सकती है। यदि आंखों में जलन या पानी आए तो तुरंत साफ पानी से आंखों को धोना चाहिए। होली खेलते समय कॉन्टैक्ट लेंस पहनने से बचें और बच्चों पर विशेष नजर रखें। आंखों के आसपास हल्का तेल या क्रीम लगाने से भी आंखों को कुछ हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यदि आंखों में दर्द, सूजन या धुंधलापन बना रहे तो बिना देरी किए चिकित्सक को दिखाएं। लोगों से अपील किया कि वह सावधानीपूर्वक होली खेलें और आंखों की सुरक्षा करें ताकि, त्योहार के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।
00
होली खेलते समय ऐसे करें बचाव
- होली खेलने से पहले आंखों के आसपास हल्का तेल या क्रीम लगाएं।
- आंखों में रंग या पानी चला जाए तो रगड़ें नहीं, तुरंत साफ पानी से धोएं।
- कॉन्टैक्ट लेंस पहनकर होली खेलने से बचें, चश्मे का प्रयोग करें
- पानी भरे गुब्बारों से दूरी बनाए रखें।
- बच्चों पर विशेष नजर रखें और आंखों में रंग न डालने की सलाह दें
- आंखों में जलन, दर्द या धुंधलापन बना रहे तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।