12 : इंडिया की जीत पर पटाखा जलाकर खुशी मनाते लोग। संवाद
हिंदुस्तान की जीत के बाद रविवार की रात को भारी भीड़ शहर के मुख्य चौक पर उमड़ पड़ी। क्रिकेट लोगों के दिल में बसता है। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में हिंदुस्तान की न्यूजीलैंड पर एक तरफा दमदार 96 रन की जीत ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही न्यूजीलैंड की पूरी टीम आउट हो गई चारों दिशाओं से लोगों की भीड़ चौक पर पहुंचने लगी। सभी लोग अबीर गुलाल एक दूसरे को लगा कर होली का नजारा दिखा दिए। तो वही आतिशबाजी से दिवाली का माहौल बन गया।
टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। शाम के सात बजते ही लोगों टीवी के समक्ष जम गए। इंडिया की बैटिंग शुरू होते ही हर चौके और छक्के पर लोगों की खुशी देखते ही बनती थी। वहीं जब न्यूजीलैंड की टीम ने बैटिंग करना शुरू किया और उसके विकेट गिरते तो लोग खुशी से झूम उठते। न्यूजीलैंड का छठवां विकेट गिरते ही नगर क्षेत्र में पटाखे फूटने शुरू हो गए थे। जैसी ही न्यूजीलैंड की पारी सिमटी और भारत ने वर्ल्ड कप पर अपना कब्जा जमाया लोग खुशी से झूम उठे। इस खुशी को साझा करने के लिए युवा हाथों में तिरंगा लिए सड़कों पर उतर गए। नगर के सब्जी मंडी चौक पर लोगों की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान भीड़ ने जमकर पटाखे फोड़े और युवाओं ने अबीर गुलाल उड़ाए। इस तरह से युवाओं ने होली और दिवाली एक साथ मनाई।
चंदन वर्मा ने कहा कि जिस तरह से टीम इंडिया आज खेली है उसकी जितनी तारीफ की जाए। आज टीम ने पूरे विश्व पर अपनी बादशाहत कायम की है। टीम ने अपने खेल से न्यूजीलैंड को हर क्षेत्र में मात दी है।
सोनू सिंह ने कहा कि वर्ल्ड कप जीतने की खुशी इतनी है कि मैं उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता है। सुपर आठ में दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद टीम के सेमीफाइनल से बाहर होने का खतरा मड़रा रहा था। लेकिन, हमारी टीम ने बताया कि यह एक संयोग मात्र था।