देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश को विफल करने के लिए आज आवश्यक हो गया है कि हिंदू समाज अपने अस्तित्व को पहचाने। राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने के साथ ही हिंदुत्व और विकास के नारे को बुलंद करे। हिंदू युवा वाहिनी अपने इस प्रमुख लक्ष्य को पूरा करने के लिए कृत संकल्पित है।
उक्त बातें हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश महामंत्री रामलक्ष्मण ने रविवार को नगरपालिका स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में मकर संक्रांति से ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी की पुण्य स्मृति में 22 फरवरी तक जगह-जगह पर सामूहिक सहभोज का कार्यक्रम चलाया जाएगा। इससे हम सामाजिक समरसता की भावना को कायम कर सकते हैं। प्रदेेश महामंत्री ने उत्तर प्रदेश में भी आईएस की आतंकी हरकतों का अंदेशा जताया और कहा कि हमें हर हाल में आतंक का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तत्पर रहना होगा।
बोले विकास के दावे प्रदेश की सपा सरकार लगातार कर रही है और अपना वोट बैंक मजबूत करने के लिए सरकारी खजाना लुटाने को तैयार बैठी है। आज किसानों, व्यापारियों और आम जनता को सरकारी योजनाओं को पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं।
इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ के नगर इकाई के अध्यक्ष पद पर नवीन मिश्रा और संगठन महामंत्री पद पर शिवदरश यादव को मनोनीत किया गया। अध्यक्षता डा. राकेश राय और संचालन विष्णुकांत चौबे ने किया। मौके पर मंडल प्रभारी प्रमोद सिंह, जिला प्रभारी विरेंद्र सिंह, संयोजक हरिबंश मिश्रा, जिलाध्यक्ष डा. सदानंद सिंह आदि उपस्थित थे।