लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के सोनबुजुर्ग गांव निवासी हाईस्कूल का छात्र छह फरवरी से घर से लापता है। अपने स्तर से खोजबीन करने के बाद छात्र के चाचा ने रौनापार थाने में बालक के अहपरण होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सोनबुजुर्ग गांव निवासी कमाल अहमद पुत्र अबू बकर ने पुलिस को दिये तहरीर में बताया कि उसका भतीजा 15 वर्षीय नोमान पुत्र बेलाल छह फरवरी को घर से साइकिल लेकर निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान दो दिन बाद उसकी साइकिल तुरकौली गांव के पास सड़क किनारे गिरी मिली। चाचा ने यह आशंका जतायी है कि उसके भतीजे का अपहरण कर लिया गया है। चाचा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं रविवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण रौनापार थाने पर एकत्र हो गये और बच्चे के जल्द बरामदगी की मांग किया। अन्यथा की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी। एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जायेगा।