जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मेघई खास गांव में हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। उसकी चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार की शाम तेज हवा के चलते मेघई खास गांव में चार पेड़ गिर गए थे और हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया था। बिजली विभाग ने उसकी आपूर्ति बंद नहीं की थी। ऋषभ सिंह (24) बुधवार की सुबह पैदल ही कहीं जा रहे थे। तार पर पैर पड़ा और वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रुप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल जीयनपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। उसके बाद उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।