मेंहनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के घिनहापुर चट्टी के पास गुमटी व दुकानों पर ही जर्जर बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से दुकान में आग लग गई। हालांकि वहीं दुकान व गुमटी पर मौजूद लोग बालबाल बच गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घिनहापुर (शंभूपुर) चट्टी पर गुमटी व कई पक्की दुकाने स्थित है। इसी गुमटी के पास से बिजली विभाग का हाईटेंशन तार गुजरा है। सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे अचानक बिजली का तार टूट कर गिर गया। निकली चिंगारी से चट्टी स्थिति गुमटी व अन्य कई दुकानों में आग लग गई। दुकान पर काफी संख्या में लोग मौजद थे जो बाल-बाल बच गए। टूट कर गिरे तार में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। जिसके चलते लोग आग बुझाने के बजाए खुद को बचाना ठीक समझा। सबस्टेशन कम्हरिया पर फोन कर लोगों ने लाइट कटवायी। इसके बाद तार को किनारे कर आग बुझाने की कवायद शुरू हुई। पिलखुवा गांव निवासी दया यादव ठेला जल गया। भिटकासो गांव निवासी विजय बहादुर यादव की पान की गुमटी भी जल गई, जिससे नकदी व हजारों का सामान जल गया। रेंडा गांव के मुस्तफा की साइकिल की दुकान में रखा हजारों रुपये के टायर-टयूब जल गए। घटना के बाबत पूछने पर जेई सत्येंद्र गौड़ ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। यदि तार टूटा है तो उसे ठीक करा कर सप्लाई चालू करा दी जाएगी।