भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए जनपद से शुक्रवार को दो ट्रक राहत सामग्री नेपाल के लिए रवाना की गई। मंडलायुक्त ने एमकेएस सुंदरम् ने राहत सामग्री से लदे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंडलायुक्त ने जनपदवासियों, प्रबुद्ध नागरिकों, संभ्रांत व्यक्तियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की कि वे राहत सामग्री को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बृजेश कुमार को उपलब्ध कराएं। बताया कि मंडल के तीनों जनपद आजमगढ़, मऊ, बलिया के अधिकारियों/कर्मचारियों से सहमति के आधार पर एक दिन का वेतन आपदा राहत कोष में जमा कराया जा रहा है। जो भी धनराशि इकट्ठा होगी , उसे ओलावृष्टि/अतिवृष्टि से गेहूं की फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन और केरोसीन आयल थोक विक्रेता संघ के सौजन्य से दो ट्रक सामान नेपाल में आए भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए भेजा जा रहा है। 60 बोरी चावल, 16 बोरी दाल अरहर, लाई 90 बोरी, चना 10 बोरी, गुड़ 6 बोरी, पानी 3750 बोतल, बिस्कुट 4320 पैकेट, नमक 4 बोरी, कंबल 70 अदद सामान को नेपाल भूकंप पीडितों के लिए भेजा गया। इस मौके पर जिलाधिकारी सुहास एलवाई, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बृजेश कुमार, पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन दास अग्रवाल, मंत्री राजेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह, केरोसिन आयल थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्यामधारी राम, मंत्री ओबेदुल्ला आजमी, प्रदीप कुमार, मुकुल अग्रवाल, वीरेंद्र भारती आदि उपस्थित थे।