आजमगढ़। एमडीएम में अनियमितता और प्राक्सी अध्यापक से पठन-पाठन कराने के आरोप में बीएसए द्वारा प्राथमिक विद्यालय भटौली के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी आजमगढ़ को सौंपी गई है। साथ ही उन्हें बीईओ महराजगंज कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया कि चार अक्टूबर को मंडलीय समंवयक एमडीएम द्वारा प्राथमिक विद्यालय भटौली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक बाहरी व्यक्ति उपस्थित मिला। जो उनके पहुंचने के बाद निकल गया। इसके बाद सहायक अध्यापक अनिल कुमार सिंह उपस्थित हुए।
जांच में पाया गया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार सिंह द्वारा एमडीएम और कंपोजिट ग्रांट में अनियमितता की जा रही है। साथ ही प्राक्सी अध्यापक के उपस्थित होने या पढ़ाने में प्रधानाध्यापक की भूमिका संदिग्ध है। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक के इस पत्र के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने प्राथमिक विद्यालय भटौली के प्रधानाध्यपक को तत्काल निलंबित कर दिया। उन्हें बीईओ कार्यालय महराजगंज से संबद्ध किया है।