आजमगढ़ जिले में एक बाइक पर पांच लोगों का सवार होना और हेलमेट के बिना सफर करना एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। पवई-कलान मार्ग पर सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 10 वर्षीय आदर्श उर्फ अंश की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से भाग निकला।
पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री की शादी रविवार को थी। समारोह में शामिल होने के लिए अशोक के साढ़ू सूरज कुमार का परिवार भी आया था। अशोक की बड़ी बेटी के ससुराल कटका, अंबेडकरनगर से मनोज निषाद (28) भी शादी में पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे मनोज निषाद बाइक पर सूरज कुमार के 10 वर्षीय पुत्र आदर्श उर्फ अंश समेत पांच लोगों को बैठाकर पवई बाजार जा रहे थे। शाहमर्दानपुर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।