डीएवी गांधी तिराहे के बाद नदी में तब्दील हुई सड़क।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आजमगढ़। सोमवार की सुबह शुरू हुई बारिश ने शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत पहुंचाई। वहीं शहर के निचले इलाके में जगह-जगह जलभराव के कारण लोग परेशान रहे। उधर, सुबह आफिस जाने के लिए निकले लोग जगह-जगह फंसे रहे। लगभग साढ़े ग्यारह बजे बारिश के बंद होने पर लोग आफिस पहुंचे। कई जगहों पर काफी पानी जमा हो गया।
पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार अब खत्म हो गया है। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो दिला दिया लेकिन नगरपालिका प्रशासन की पोल को खोल दिया। बारिश के कारण शहर के रैदोपुर, अन्नतपुरा, गुरुटोला, कालीचौरा, सीताराम, ब्रह्मस्थान आदि इलाकों में जल भराव हो जा रहा है।
सोमवार की सुबह से ही आसमान पर बादल मंडरा रहे थे। लगभग दस बजे जब लोग आफिस के लिए निकले उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जिसको जहां जगह मिली वहीं बारिश से बचने के लिए रुक गया। काफी इंतजार के बाद लगभग साढ़े ग्यारह बजे से बारिश कम होने पर लोग अपने-अपने कार्यालय पहुंचे।
वहीं दूसरी तरफ नालियों की साफ-सफाई न होने से सिविल लाइन में डाकघर जाने वाले मार्ग पर नाला पानी से लबालब भर गया और सारा गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यहां नाले की सफाई कभी कभार होती है। सहीं ढंग से नाले की सफाई न किए जाने से बारिश के दौरान गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। लेकिन इस बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी।