सगड़ी तहसील क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को दूसरे दिन भी तेज आंधी और गरज-चमक के साथ जमकर बारिश हुई। साथ ही जगह-जगह ओले भी पड़े। इसके चलते किसानों की फसलें गिर गईं।
तेज आंधी के कारण जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर मालटारी में विशाल पेड़ गिर गया। इससे दोनों तरफ का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। शाम पांच बजे तक मार्ग से पेड़ नहीं हटाया जा सका था।
ओले पड़ने से किसानों की काफी क्षति हुई है। मालटारी, बोझिया, महुलिया, भदांव, कुदारन तिवारी, बरकोठा, कठैचा, अंडाखोर, जीयनपुर, पकवा इनार, गडेरी पट्टी, राजूपट्टी, पारीट्टी, जमीन मुहम्मद आदि गांवों में गरज-चमक के साथ जमकर बारिश हुई, ओले भी पड़े।
इससे सैकड़ों बीघा धान की फसल गिरकर बर्बाद हो गई है। क्षेत्र के किसान रामदरश सिंह, भृगुनाथ पटेल, रोशन, अजय कुमार यादव, ओम प्रकाश मिश्रा, राजन राय, संतोष शर्मा आदि किसानों ने बताया कि चक्रवात के साथ हुई बारिश और ओले पड़ने से फसलों को काफी क्षति हुई है। किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं।
बरदह के चौकी गांव में पोल पर गिरा पेड़। संवाद