शहर के जालंधरी स्थित फर्निचर की दुकान पर जीएसटी के छापे के दौरान तैनात पुलिस।संवाद
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। राज्य जीएसटी की टीम ने सोमवार को शहर के गुलामी का पुरा स्थित एक फर्नीचर की फर्म पर सुबह 11 बजे छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। टीम वह से बिक्री के रिकार्ड खंगालने में जुटी रही। छापेमारी की जानकारी पर लोगों की भीड़ जुट गई। उधर, टीम फर्म के दो गोदामों पर भी पहुंची थी लेकिन ताला न खुलने से उसे लौटना पड़ा। शहर के गुलामी का पुरा मुहल्ले में नेहा फर्नीचर के नाम से बड़ी फर्म है। फर्म द्वारा रिकार्ड में हेराफेरी किए जाने व जीएसटी की चोरी की शिकायत जीएसटी को मिली थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर जीएसटी राजनाथ तिवारी के नेतृत्व में टीम सोमवार को सुबह 11 बजे फर्म पर पहुंच गई। टीम के पहुंचते ही लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने एक-एक कर फर्म के रिकार्ड खंगालने शुरू किए। देर शाम तक जांच पड़ताल जारी रही। टीम के हाथ क्या लगा इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। उधर, जीएसटी टीम मुख्य दुकान के साथ ही उसके अईनिया व हर्रा की चुंगी स्थित गोदाम पर भी पहुंची थी। दुकानदार द्वारा दोनों में से किसी भी गोदाम का ताला नहीं खोला गया। जिसके चलते टीम को बैरंग वापस होना पड़ा। जीएसटी टीम जब फर्म पर छापेमारी कर रही थी तो इसी दौरान फर्म का एक कर्मचारी कुछ अभिलेख लेकर भागने लगा। जिस पर टीम में शामिल लोगों ने उसे पकड़ लिया और शहर कोतवाली पुलिस के हवाले किया। उसके पास से टीम को कई अहम दस्तावेज मिले हैं। डिप्टी कमिश्नर ने ने कहा कि उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर जीएसटी राजनाथ तिवारी ने बताया कि गोपनीय सूचना व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम ने फर्म पर छापेमारी की। फिलहाल रिकार्डों की जांच पड़ताल की जा रही है। यदि फर्म के रिकार्ड में कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी पायी गई तो जीएसटी एक्ट के तहत फर्म और संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर के जालंधरी स्थित फर्निचर की दुकान पर जीएसटी का छापा।संवाद- फोटो : AZAMGARH