प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आजमगढ़। जीएसटी लागू होने के बाद पूरे देश में एक तरह का टैक्स लागू हो गया है। इसका लाभ सभी वर्ग के लोगों को मिलेगा। इससे पूर्व अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग टैक्स हुआ करते थे जिसका सभी पर बोझ पड़ता था। जीएसटी लागू होने के बाद अन्य तरह के टैक्स से छुटकारा मिल गया है। ये बातें सोमवार को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगमंत्री कलराज मिश्रा ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के फार्मूले पर चल रही है। सभी वर्ग के लोगों को लाभ और फायदा दिलाने के उद्देश्य से सरकार नए और कड़े कदम उठा रही है। एक सवाल के जवाब में कहा कि वर्तमान समय में खादी का उत्पादन पूरे देश में बढ़ा है। इसे और बढ़ावा देने के उद्देश्य से चरखा चलाने वालों की तादात बढ़ाई जा रही है। चरखा चलाकर खादी का सूत काटने वाले कारीगरों का आनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
इससे चरखा चलाने वालों को आय में 40 प्रतिशत का फायदा होगा। यह रकम सीधे कारीगरों को खाते में जाएगी जो इससे पहले नहीं होता था। कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत छोटे व्यापार करने वालों को सरकार की तरफ से पांच लाख रुपये से 25 लाख रुपये का लोन दिया जा रहा है। बड़े पैमाने पर बेरोजगार युवक इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
सरकार के इस पहल से एक तरफ बेरोजगारी दूर हो रही है। बेरोजगार नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। प्रदेश के कानून व्यवस्था पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने बहुत ही कम समय में काफी हद तक स्थिति में सुधार ला दिया है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी इस तरफ और बेहतर प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जो व्यवस्था वर्षों से बेपटरी है। उसे पटरी पर लाने के लिए थोड़े वक्त की आवश्यकता है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद राय, अखिलेश मिश्र उर्फ गुड्डू आदि मौजूद रहे।