आजमगढ़। पल्हना विकास खंड के ग्राम पंचायत अधिकारी नागेंद्र प्रसाद द्वारा शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने की मामला जांच में उजागर हुआ। इस पर डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करते हुए लालगंज विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ करते हुए एडीओ पंचायत लालगंज को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए तीन सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने बताया कि इस्माईलपुर भरथीपुर गांव निवासी रामशबद पुत्र संपत ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर गांव में हुए विकास कार्यों के जांच की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर सहायक अभियंता जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, तहसीलदार लालगंज और अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग लालगंज से जांच कराई गई। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कारण बताओ नोटिस जारी की गई। नोटिस के जवाब में ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया। जिसमें बताया कि गांव में 244 शौचालय के सापेक्ष 75 शौचालय पूर्ण, 152 निर्माणाधीन और 17 शौचालय शुरू ही नहीं हुए पाए गए। जिससे यह स्पष्ट हुआ ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरती गई। जिसके कारण ग्राम पंचायत अधिकारी नागेंद्र प्रसाद को निलंबित करते हुए विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया गया है। उक्त मामले की जांच के लिए एडीओ पंचायत लालगंज को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जो तीन सप्ताह में आरोप पत्र गठित कर जांच आख्या प्रस्तुत करेंगे।