मंदुरी हवाई अड्डे के विस्तारी करण के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते लोग।संवाद
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। मंदुरी हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के विरोध में बृहस्पतिवार को संयुक्त मोर्चा सड़क पर उतरा। ग्रामीणों के साथ कुंवर सिंह उद्यान से जुलूस निकालकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। कहा कि हवाई अड्डे के मास्टर प्लान वापस लिया जाए। नेताओं से अतिरिक्त एसडीएम नंदिता शाह ने वार्ता भी की। ग्रामीणों ने बताया कि 12-13 अक्तूबर को एसडीएम सगड़ी राजस्वकर्मी, पुलिस व पीएसी जवानों के साथ और नाप-जोख करने लगे। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई तो प्रशासन के लोग जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगे और लोगों को मारने लगे। शिकायत डीएम से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बताया कि हवाई अड्डे का विस्तार होने से जमुआ हरिराम, कादीपुर हरिकेश, हसनपुर, जिगिना करमनपुर, लछेहरा, हिच्छनपट्टी, गदनपुर, जेहरा पिपरी, मंदुरी आदि गांवों के चार हजार से अधिक आशियाने उजड़ जाएंगे। इसके विरोध में जमुआ हरिराम गांव में पिछले 21 दिनों से धरने पर बैठे हैं। संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कहा कि पिछले 15 सालों से मंदुरी हवाई अड्डा पर न कोई विमान उतरा और न ही आसपास के ग्रामीणों को रोजी-रोजगार, जीवकोपार्जन का कोई साधन उपलब्ध हुआ। इस दौरान रामनयन यादव, राजेश आजाद, शशिकांत उपाध्याय, सुजय उपाध्याय, राजीव यादव, दुखहरन राम, राजेश आजाद, रविन्द्र नाथ राय, रामराज, राहुल विद्यार्थी, विनोद यादव, लालमन, अजय यादव आदि मौजूद रहे।