विधानसभा 2017 का बिगुल अपरोक्ष रूप से बज चुका है। इस दौरान समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव में पुन: सफलता पाने के लिए जुट गई है। शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर सरकार के द्वारा जनहित में किए गए कार्यो से जनता को अवगत कराने के लिए रविवार को सपा कार्यकर्ताओं ने दसों विधान सभा में साइकिल यात्रा निकाली। इस दौरान जिले के मंत्री भी साइकिल चलाकर कार्यकर्ता के रूप में नजर आए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और मंत्रीगण जनता को सरकार की उपब्धियों से अवगत कराए।
बूढनपुर संवाददाता के अनुसार, अतरौलिया विधान सभा के सपा कार्यालय पर माध्यमिक शिक्षामंत्री बलराम यादव ने हर झंडी दिखाकर साइकल रैली को रवाना किया। रैली का नेतृत्व विधायक डा. संग्राम यादव ने किया। साइकिल रैली समाजवादी कार्यालय से होते हुए केसरी चौक, दुर्गा चौक, पचरी पटेल मोड़, भवनाथपुर, पचरी, तपसी बाबा कुटी से कनैला होते हुए पुन: सपा कार्यालय पर पहुंचकर गोष्ठी में तब्दील हो गई।
कप्तानगंज संवाददाता के अनुसार, बेसिक शिक्षा, बाल पुष्टाहार और ऊर्जा राज्यमंत्री वसीम अहमद के नेतृत्व में कंधरापुर बाजार से साइकिल रैली निकाली गई, जो बाजार से निकलकर टंडवा, मिरिया, दुबहरन, चकिया, जोलहापुर, राघोपुर, ढ़रसन, शाहपुर होते हुए कंधरापुर पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गई। तहबरपुर संवाददाता के अनुसार वनमंत्री ,दुर्गा प्रसाद यादव के नेतृत्व में किशुनदास पुर से साइकिल यात्रा निकाली गई।
दुुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि हमें सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। मेंहनगर संवाददाता के अनुसार कस्बा स्थित सपा पार्टी पर सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने साइकिल यात्रा को फीता काटकर रवाना किया। उन्होंने खुद खुटवा, दौलतपुर, रहिला आदि गांवों में साइकिल चलाकर लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। जहानागंज संवाददाता के अनुसार बाजार स्थित राम जानकी पर्णकुटी से पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई।
बिंद्राबाजार संवाददाता के अनुसार मुहम्मदपुर में ब्लाक प्रमुख फाजिल शेख के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई। जो क्षेत्र के दर्जनों गांवों का भ्रमण करते हुए मुहम्मदपुर पहुंचकर समाप्त हुई। अमिलो संवाददाता के अनुसार मुबारकपुर रोडवेज पर सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव और पूर्व सांसद नंद किशोर यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मुबारकपुर, हैदराबाद, सिक्ठी शाहमुहम्मदपुर, पुरासोफी, कटरा मुहल्लों में जन संपर्क करते हुए अमिलो पहुंच कर संपन्न हुई। पवई संवाददाता के अनुसार फूलपुर विधायक श्यामबहादुर यादव के नेतृत्व में रविवार को मित्तुपुर बाजार से साइकिल यात्रा निकाली गई।