आजमगढ़। पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने जहानागंज और तरवां थानाक्षेत्र में देशी शराब की आठ सरकारी दूकानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये की अवैध शराब बरामद कर आठ सेल्समैनों को गिरफ्तार कर लिया। दूकान मालिक फरार हो गए। पुलिस लाइन परिसर में सोमवार को एसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि यहां तैयार अवैध शराब आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर आदि जिलों में सप्लाई की जाती थी।
एसपी ने बताया कि जहानागंज और तरवां थानाक्षेत्र में देशी शराब की चार-चार दूकानों पर छापा मारा गया। अवैध शराब के साथ इन दूकानों के सेल्समैन जहानागंज थाने के धरमपुर गांव निवासी नागेंद्र पांडेय, लहुराडीह गांव निवासी केदार यादव, किशुनपुर गांव के बृजेश सिंह तथा गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाने के बनकटा गांव निवासी ओंकार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। तरवां थानाक्षेत्र की दूकानों से सेल्समैन अमुवां गांव निवासी यशवंत सिंह, गंजोर गांव निवासी अमर बहादुर, धनहरी गांव निवासी रमेश यादव और शहर कोतवाली के अनंतपुरा मुहल्ला निवासी आनंद सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि मुखबिर की सूचना पर कुल 16 टीमों ने छापेमारी की। इन दूकानों से विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब बेची जा रही थी। दूकान मालिकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
इनसेट
फैजाबाद के शीरे से बनाते थे शराब
एसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि जिन दूकानों पर अवैध शराब की बिक्री करवाई जा रही थी, उनमें से ज्यादातर दूकानें जेल में बंद माफियाओं की हैं, जो उनके रिश्तेदारों के नाम पर चल रही है। ये लोग फैजाबाद जिले से शीरा लाकर यहां शराब तैयार कर आसपास सप्लाई करते थे। कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में बोतल, ढक्कन और लेबल तैयार करना एक आदमी के वश की बात नहीं है। इसमें कोई गिरोह जुड़ा है। ऐसे में पुलिस बाटल, लेबल, ढक्कन आदि उपलब्ध कराने वालों पर नजर रखे हुए है।