निजामाबाद। बाबू विश्राम राय और रामबचन यादव की स्मृति में रविवार को बीबीपुर स्थित बाबू विश्राम राय की जन्मस्थली से ‘ हमारा गांव हमारा सवाल ’ पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा को संबोधित करते हुए मैग्सेसे अवार्ड से सम्मानित सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पांडे ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ स्कूल बंद कर रही है और दूसरी तरफ शराब के ठेके खोल रही है। सरकारों को तय करना होगा कि देश को शिक्षा चाहिए या शराब।
उन्होंने कहा कि देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू होने से सामाजिक समानता लाई जा सकती है। जस्टिस सुधीर अग्रवाल के 2015 के फैसले को लागू किया जाना चाहिए। सरकारी नौकरी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाया जाए तो स्कूलों की व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।