अतरौलिया थाना अंतर्गत मखनहा बाजार स्थित एक दुकान में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने नकब लगा कर लाखों का माल पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और विरोध प्रदर्शन कर पुलिस विभाग के खिलाफ नारेबाजी किया। वहीं पीड़ित दुकानदार ने घटना के बाबत अतरौलिया थाने में तहरीर दे दी है।
अतरौलिया के अतरैठ निवासी राजू ठठेरा मकनहा बाजार में किराये पर सराफा व बर्तन की दुकान खोल रखा है। बृहस्पतिवार की रात अज्ञात चोर दुकान के पीछे से नकब लगा कर अंदर घुसे और दो किग्रा चांदी व 50 ग्राम सोना के अलावा गल्ले में रखे 25 हजार रुपये नकद व काफी मात्रा में बर्तन आदि उठा ले गए। इसके अलावा चोरों ने राजू ठठेरा के बगल में स्थित प्रेम विश्वकर्मा के चाय की दुकान को भी अपना निशाना बनाया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित दुकान के अलावा स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। इसके बाद महाप्रधान प्रतिनिधि अंकित गुप्ता व प्रधान प्रतिनिधि अरूण जायसवाल के नेतृत्व में बाजार वासियों ने विरोध प्रदर्शन पर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि एक माह के अंदर चोरी की कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन अब तक एक भी घटना का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।