फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी बाजार में स्थित दूकान का पीछे से दरवाजा तोड़कर बीती रात अंदर घुसे चोर 12 लाख रुपये नगद चुरा ले गए। गुरुवार की सुबह दूकान खुलने पर जानकारी हुई तो दूकानदार ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई।
अंबारी बाजार निवासी सादिक अहमद परिवार सहित सरायमीर कस्बे में रहते हैं। अंबारी बाजार के फूलपुर रोड पर उनकी दूकान है। वह ऊन के थोक विक्रेता और लोहे का दरवाजा, आलमारी आदि अपने यहां बनवाकर बेचते हैं।
सादिक अंबारी बाजार में एक जमीन खरीद रहे हैं।
इसके लिए 12 लाख रुपये लेकर वह बुधवार को फूलपुर तहसील मुख्यालय भी गए। लेकिन किसी कारणवश बैनामा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने बैंक से निकाले गए रुपयों को दूकान में रख दिए और दूकान बंद कर घर चले गए। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर सादिक की दूकान में पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे।
आलमारी में रखे गए 12 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। गुरुवार की सुबह सादिक के दूकान का टूटा दरवाजा देखकर आसपास के लोग उसे सूचना दी। वह भागकर दूकान पर पहुंचा और चोरी गए रुपये की जानकारी पुलिस को दिया। कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर मिल चुकी है।