बरदह थाने से चार सौ मीटर दूर चौकी मोड़ पर मंगलवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक ने साइकल से स्कूल जा रहे कक्षा नौ के दो छात्रों को रौंद दिया। छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो नाराज ग्रामीणों ने एसओ के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। एसडीएम लालगंज के आश्वासन पर सवा दो घंटे बाद जाम खुला।
बरदह थाना क्षेत्र के छत्तरपुर गांव निवासी अब्दुल्ला (16) पुत्र फैयाज खान और अदनान (16) पुत्र नूर आलम कक्षा नौ के छात्र थे। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे दोनों साइकल से स्कूल जा रहे थे। थाने से महज चार सौ मीटर उत्तर आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित चौकी मोड़ के पास अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर तड़पते हुए उन्होंने दम तोड़ दिया।
इलाकाई लोगों ने हादसे की खबर पुलिस को दी लेकिन डेढ़ घंटा बाद भी जब पुलिस नहीं पहुंची तो नाराज ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर सड़क पर उतरे और मुख्य मार्ग पर जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना पर डेढ़ घंटे बाद एसओ बरदह मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीणों के तेवर देख एसओ ने सीओे लालगंज को सूचित किया। कुछ देर में एसडीएम लालगंज, सीओ लालगंज के साथ मयफोर्स पहुंचे। वहीं क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज भी वरिष्ठ सपा नेता अनिल राय के साथ मौके पर जा पहुंचे और जानकारी ली।
एसडीएम के आश्वासन पर सुबह साढ़े आठ बजे से लगा जाम करीब सवा दो घंटे बाद पौने ग्यारह बजे समाप्त हुआ। मृत अब्दुल्ला चार भाईयों में तीसरे नंबर पर था। जबकि अदनान चार भाई बहनों में तीसरे नंबर पर था। एसडीएम शीतला प्रसाद यादव ने बताया कि वह एसओ के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजेंगे। जो भी कार्रवाई करनी होगी अधिकारी ही तय करेंगे।