वासंतिक नवरात्र के अवसर पर दूसरे दिन नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को भक्तों ने ब्रह्मचारिणी और तृतीय चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान घंटा-घड़ियाल व मां के जयकारे से मंदिर गूंजायमान रहे। चौक स्थित दक्षिणमुखी देवी का दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
वासंतिक नवरात्र के दूसरे दिन की अराध्य देवी मां ब्रह्मचारिणी और तृतीय चंद्रघंटा की आराधना की गई। चौक स्थित दक्षिण मुखी देवी पर सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। धूप, अगरबस्ती व अगियारी से पूरा माहौल ही भक्तिमय हो गया है। पल्हना संवाददाता के अनुसार कस्बा स्थित शक्ति पीठ के रूप में पुजित प्रमुख धार्मिक स्थल मां पाल्हमेश्वरी धाम पर पूजन-पाठ करने वाले दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। निजामाबाद संवाददाता के अनुसार मां शीतला धाम पर दूसरे दिन भी भक्तों का रेला लगा रहा। वहीं मंदिर परिसर में चल रहे भजन-कीर्तन और जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। मार्टीनगंज संवाददाता के अनुसार मार्टीनगज ब्लाक क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव में स्थित माता अष्टभुजा धाम में दर्शनार्थियों का तांता लगा है। दूर-दूर से आए लोगों ने मां के दर्शन कर मन्नत मांगी। मां के जयकारे से यहां का वातावरण अध्यात्ममय हो गया है।