आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के फराश टोला (लपेटू की बाग) मुहल्ला में घुसे चोरों ने गुरुवार की रात एक महिला का घर खंगाल दिया। महिला बीमार बेटी को लेकर अस्पताल गई थी। सुबह घर लौटी तो पूरे घर का सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयाना किया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
फराश टोला (लपेटू की बाग) मुहल्ला निवासी मोहम्मद इल्ताब सऊदी में रहता है। जबकि उसकी पत्नी यासविन अपने तीन वर्षीय बेटी के साथ यहां रहती है। उसके घर से थोड़ी दूर पर इसी मुहल्ले में मायके वाले भी रहते हैं। गुरुवार की रात 11.30 बजे यासविन की बेटी की तबियत बिगड़ गई। मकान में ताला बंद कर वह बेटी को लेकर डाक्टर के यहां चली गई। देर होने के नाते वह दवा लेकर मायके में ही सो गई। उधर सुनसान पाकर चोर यासविन के घर में घुस गए। मुख्य दरवाजा भीतर से बंद कर आलमारी तोड़कर उसमें रखे गया नकदी, लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और कीमती सामान चुरा ले गए। चोरी गए सामानों में सोने की तीन अंगूठी, मंगलसूत्र, दो चेन और सऊदी से जल्द आए दो पार्सल शामिल हैं। यासविन का कहना है कि अल सुबह बेटी को लेकर घर पहुंची तो दरवाजा भीतर से बंद था। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़वाकर भीतर घुसी तो अंदर बिखरे सामान और टूटी पड़ी आलमारी देखकर दंग रह गई। यासविन ने बताया कि उसके पति का दोस्त सऊदी में है। उसके घर बहन की शादी है। उसी शादी में उसे यह रुपये देने थे। शहर कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिल चकी है। पुलिस घटना की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।