सरायमीर। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात को प्रेमी जोड़े को कुछ लोगों ने मिलते हुए देख लिया। लड़की के परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों की जमकर पिटाई कर दी जिससे दोनों को अस्पताल ले जाना पड़ा। प्रेमी अभी भी अस्पताल में है। मंगलवार को प्रेमिका पहले प्रेमी के घर फिर अस्पताल पहुंच गई और प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया है।
प्रेमी और प्रेमिका दोनों बालिग बताए जा रहे हैं। रविवार को परिजनों की पिटाई के बाद प्रेमिका दवा लेकर अपने घर चली गई, लेकिन प्रेमी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार दोपहर प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई। इसके साथ ही वो शादी की जिद पर अड़ गई। प्रेमी के घर नहीं होने पर वो सीधे अस्पताल पहुंच गई और वहां भी शादी की बात करने लगी। इस बीच लड़की के परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाने से एसआई भी अस्पताल पहुंचे। प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी थी। पुलिस ने बुधवार की सुबह दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया है।