बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बैठौली बाइपास पर गुरुवार की दोपहर सड़क पार कर रही बालिका की कुचलकर चालक ट्रक लेकर भाग गया। उधर हादसे से नाराज ग्रामीणों ने बालिका के घर वालों को आर्थिक सहायता और आरोपी ट्रक चालक के गिरफ्तार करने की मांग करते हुए आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग को जाम कर दिया।
जाम लगने की सूचना पर चौकी प्रभारी बलरामपुर मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम को समाप्त करा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर गांव निवासी रेशमी (8) पुत्री चंद्रकेश तीन बहन और एक भाई में सबसे छोटी थी। गुरुवार की दोपहर दो बजे बकरियों चराकर रेशमी घर लौट रही थी। घर जाने के लिए जैसे ही वह बद्दोपुर ईंट भट्ठे के पास आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग को पार कर रही थी, तभी उधर से गुजरे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
उधर चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। उधर गांव के लोग घटना से आक्रोशित होकर गांव के पास प्रमुख मार्ग पर जाम लगा दिया। लोग दोषी ट्रक चालक के गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग कर रहे थे।
जाम लगने की सूचना पर चौकी प्रभारी बलरामपुर वाहिद अली मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर दो बजे से लगा जाम करीब एक घंटे बाद समाप्त करा दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।
गोरियाबाजार । बिलरियागंज कस्बे के नया चौक पर गुरुवार सुबह अनियंत्रित ऑटोरिक्शा के पलटने से दबकर युवक की मौत हो गई, जबकि युवक की मां सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हरेंद्र यादव (34) बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर गांव का निवासी था। वो गुरुवार की सुबह अपनी मां भानुमती देवी (70) को लेकर ऑटोरिक्शा से कहीं जा रहा था। ऑटो में इन दोनों के अलावा सिधारी मुहल्ला निवासी संजय सिंह (35) पुत्र सीताराम और जसवंत सिंह (18) पुत्र मुसाफिर भी बैठे थे।
जैसे ही आटोरिक्शा बिलरियागंज कस्बे के महराजगंज मार्ग पर स्थित नए चौक पर पहुंचा, अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी लोग दबकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। जब तक सभी को आटोरिक्शा से बाहर निकालते हरेंद्र की मौत हो गई थी। अन्य तीनों को सीएचसी बिलरियागंज में भर्ती कराया गया, जहां भानुमती की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में मृत हरेंद्र तीन भाइयों में छोटा था। वह दो बेटा और दो बेटियों का पिता था।
फरिहां । निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां रेलवे क्रासिंग के पास गुरुवार की शाम अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से छात्रा घायल हो गई। उसे क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल छात्रा अंजली यादव (7) पुत्री अशोक यादव निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां गांव की निवासी थी। वह क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती है। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने पर वह घर जा रही थी। फरिहां रेलवे क्रासिंग के पास अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से घायल हो गई।