मुराली का पुरा में घाघरा की कटान को दिखाता ग्रामीण।
बढ़ाव के बाद बुधवार को घाघरा के जलस्तर में एक बार घटाव दर्ज किया गया। जलस्तर घटने के साथ कटान भी तेज हो गई है। कटान देख ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। वहीं कटान पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए अब तक सर्वे का कार्य शुरू नहीं हो सका।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा मंगलवार को बढ़ने के बाद बुधवार को घटान की ओर उंमुख नजर आई। नदी का जलस्तर मंगलवार की शाम बदरहुंआ नाले पर 70.27 मीटर और डिघिया नाले पर 68.95 मीटर था। जो बुधवार की शाम को बदरहुंआ नाले पर चार सेमी घटकर 70.23 मीटर और डिघिया नाले पर पांच सेमी घटकर 68.90 मीटर पर आ गया।
नदी का जलस्तर घटने के साथ ही कटान तेज हो गई है। मुराली का पुरवा में कटान को देखते हुए लोग अपना आशियाना खुद ही उजाड़ते हुए देखे गए। नदी देवाराखास राजा के मुराली के पुरा, गया के पुरा, अचल नगर के देवारा भीच्छुक दास, देवारा गरीब दुबे, देवारा श्रीनगर, देवारा अचल सिंह, देवारा राम सरन दुबे, सहबदिया, महुला, छितौनी आदि जगहों पर गन्ना के फसल सहित जमीन काट चुकी है। किसानों की अब तक सैकड़ों विगहा जमीन नदी काट चुकी है। लेकिन मुआवजा तो दूर अभी तक किसानों की कटी जमीन का सर्वे भी नहीं हुआ।