जिलाधिकारी राजेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में भी इसकी व्यवस्था की जाए। प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों, अंत्योदय कार्डधारकों के कार्ड हर हाल में बन जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करके उनके आयुष्मान कार्ड बनवा जाने चाहिए। सीएससी एवं पीएचसी पर आने वाले सभी पात्रों के कार्ड तत्काल बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा ब्लाक स्तर पर मेलों का आयोजन करके कार्ड बनवाया जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से गोवंश संरक्षण में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को गायें सौंपी जाएं। गोशाला के गोवंश की जीयो टैगिंग करें। पीडब्ल्यूडी एवं सिंचाई विभाग से सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करने और नहरों की सफाई कराने को कहा। कहा कि नवंबर तक सड़कों पर गड्ढे नहीं दिखने चाहिए। बारिश खत्म हो गई है और कार्य प्रारंभ कर दें। शौचालय निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए डीपीआरओ को निर्देश दिया कि लक्ष्य के अनुसार शत प्रतिशत पूर्ण करें। आईजीआरएस की शिकायतों को गुणवत्तायुक्त तरीके से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, सीएमओ डा. इंद्रनारायण तिवारी, डीडीओ रवि शंकर राय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।