रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत मंदुरी एयरपोर्ट से शुरू होने वाली उड़ान का इंतजार लंबा होता है। रविवार को बाबतपुर एयरपोर्ट से एक टीम मंदुरी एअरपोर्ट पहुंची टीम ने वहां पर लाइटों को लगाने का कार्य किया और चलते बने। मौके पर मौजूद एडीएम प्रशासन ने जब उनसे एयरपोर्ट को हैंडओवर लेने की बात कही तो उन्होंने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया। मंदुरी हवाई पट्टी का विस्तार कर उसे एयरपोर्ट तो बना दिया गया लेकिन अभी तक इसका हैंडओवर नहीं हो सका है और ना ही लाइसेंसिंग की प्रक्रिया ही पूरी हो सकी है। जबकि मुख्यमंत्री के आगमन पर इसे लोकार्पण की सूची में शामिल किया गया है। लाइसेंसिंग प्रक्रिया केे पूरी करने के लिए एयरपोर्ट आफ अथार्टी की टीम के सितंबर माह के पहले हफ्ते में आने की बात कही जा रही थी। लेकिन महीना बीत गया और टीम नहीं आई। इसके स्थान पर रविवार को बाबतपुर हवाई अड्डे से चार से पांच लोगों की टीम मंदुरी एयरपोर्ट पहुंची। जहां इस टीम ने लाइटों का लगाने का कार्य किया। मौके पर मौजूद एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने टीम से कहा कि आप लोग इसे हैंडओवर क्यों नहीं ले रहे हैं तो टीम ने कहा कि यह हमारे अधिकार क्षेत्र के बाहर है। बाबतपुर एयरपोर्ट से आई टीम लाइट लगाई और चलती बनी। डीएम राजेश कुमार ने बताया कि यह टीम बाबतपुर से आई थे जो लाइट लगाकर चली गई। अभी तक न तो हवाई अड्डे को हैंडओवर किया गया है और ना ही इसके लाइसेंसिंग की प्रकिया ही पूरी हुई है।