लालगंज में गायत्री परिवार की ओर से निकाला गया नशा मुक्ति जागरण रैली। संवाद
देवगांव। लालगंज बाजार में बृहस्पतिवार को गायत्री परिवार के तत्वावधान में नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के तहत रैली निकाली गई। रैली नगर के एक छोर से प्रारंभ होकर लालगंज बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए दूसरे छोर तक पहुंची। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने हाथों में नशा मुक्ति संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। प्रतिभागियों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘स्वस्थ समाज, नशामुक्त समाज’ और ‘युवा शक्ति, राष्ट्र की शक्ति’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। रैली के दौरान बाजार में मौजूद दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने अभियान का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई रैली ने पूरे नगर में नशामुक्ति का प्रभावी संदेश दिया। इस दौरान सुभाष यादव, जगत नारायण, राणा प्रताप यादव, इंदुमती रहे। संवाद