आजमगढ़। चौकीदार अधिकार मोर्चा की बैठक शुक्रवार को कुंवर सिंह उद्यान परिसर में हुई। चौकीदारों ने बिहार और झारखंड राज्य की तर्ज पर हक की मांग की। सरकार से यहां के भी चौकीदारों को चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की वकालत की। जिलाधिकारी को संबोधित तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन कार्यालय को सौंपा।
जिलाध्यक्ष रघुनाथ यादव ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण चौकीदार इस महंगाई में मात्र 1500 रुपये वेतन पर अपना जीवन बीता रहे हैं। महंगाई के चलते परिवार का भरण-पोषण नहीं हो पा रहा है। चौकीदार भूखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। कहा कि बिहार और झारखंड में ग्रामीण चौकीदारों को चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया गया है। जबकि चुनाव से पूर्व सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आश्वासन दिया था। लेकिन सरकार बनने के बाद अभी तक समस्या का हल नहीं हुआ। शासन-प्रशासन से ग्रामीण चौकीदारों को पुलिस की तरह वर्दी, डंडा सहित उचित हथियार दिए जाने, चौकीदारों को रात्रि के समय थाने में हाजिरी के दिन न रोकने की मांग की। कहा कि थाने पर चौकीदारों से घरेलू नौकर की तरह काम लिया जाता है। जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। बैठक में जिले के सभी चौकीदार मौजूद रहे।