Azamgarh News: आजमगढ़ जिले की कंधरापुर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां कंटेनर वाहन से 69.812 किलो गांजा बरामद करने के साथ ही अंतर्राज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाने की पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। टीम ने सेहदा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर वाहन को रोका, जिसमें 69.812 किलो अवैध गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें अरसद अली निवासी बरेली और सैदुल इस्लाम निवासी असम शामिल हैं। आरोपियों के पास से एक कंटेनर वाहन और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे बांस की आड़ में गांजा पैक कर लाते थे और बाद में पुड़िया बनाकर बेचते थे। दोनों काफी समय असम में रह चुके हैं और वहां से अलग-अलग सामान की डिलीवरी करते थे। इसी दौरान उन्होंने गांजा तस्करी का धंधा शुरू किया।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना कंधरापुर में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अरसद अली बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के राइमानगला गांव का निवासी है।
वहीं दूसरा आरोपी सैदुल इस्लाम असम के दरांग जिला के दलगांव थाना क्षेत्र के खारपुरीहवी गांव का निवासी है। इस कार्रवाई में सीओ नगर शुभम तोदी, प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार, निरीक्षक अपराध भगत सिंह यादव सहित थाना कंधरापुर, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।