आजमगढ़। पैसा दिलाने के नाम पर लखनऊ ले जाते समय रास्ते में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी लेखपाल को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है। घटना के दूसरे दिन सोमवार को पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजवाया। साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
सीओ सिटी इलामारन के मुताबिक पीड़ित युवती शहर की ही रहने वाली है। उसके मुताबिक कंधरापुर थाना क्षेत्र के रहने वाला अजय कुमार राय बैंक मित्र है। वह करीब पांच महीने पहले रुपये निकालने के लिए अजय के यहां गई थी। वहीं उसकी मुलाकात अजय से हुई। अजय के जरिये उसके दोस्त लेखपाल पंकज राय से पहचान हुई। इस दौरान इन दोनों ने बारी-बारी कई बार झांसा देकर बलात्कार किया। इसका परिणाम है कि पीड़िता गर्भवती है। पीड़िता के मुताबिक अजय और पंकज ने साजिश के तहत उसे 22 जून को भंवरनाथ के पास बुलाया। रुपये दिलाने के बहाने लखनऊ ले गए। इस दौरान आरोपी ने कई बार उससे रेप किया। वीडियो बनाकर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दे रहे हैं। रविवार को पीड़िता को लखनऊ के हजरतगंज थाने की पुलिस ने आजमगढ़ कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। सीओ सिटी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पंकज राय को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि अजय अब भी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। अब तक कि जांच में कई तरह के पेंच खुलते जा रहे हैं।