आजमगढ़। शहर के समीप मतौलीपुर गांव में नौ अगस्त 2019 को भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ पर पौधरोपण महाकुंभ का आयोजन किया गया था। इसके अंतर्गत गांधी उपवन में 5500 पौधे नीम, कंज, पाकड़ प्रजातियों के पांच हेक्टेयर में लगाए गए थे। विभागीय लापरवाही के चलते इसका रखरखाव नहीं हो सका। एक साल के कम समय में ही गांधी उपवन उजड़ गया। आज तक विभाग ने इस तरफ झांकने की जहमत तक नहीं उठाई।
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर प्रदेश सरकार ने वन विभाग को गांधी उपवन की स्थापना का र्देश दिया था। साथ ही यह भी हिदायत दी थी कि इस उपवन में कम से कम 5 से 10 हजार पौधे रोपित कर उसे विकसित किया जाए। निर्देश के अनुपालन में उपवन में गांधीजी की अभिरुचि के पौधे आम, बरगद, नीम, बबूल, शाल, महुआ, कल्पवृक्ष व सहजन प्रजाति के पौधे लगाए गए थे। इस पर लाखों रुपये भी खर्च किए गए थे। चारों तरफ से तारबंदी की गई थी लेकिन रखरखाव के अभाव में तार भी पूरी तरह से टूट चुके हैं। अंदर मवेशी आसानी से घुसकर बचे हुए पौधे को क्षति पहुंचा रहे हैं। पौधों में मात्र पांच फीसदी पौधे ही जिंदा बचे हैं। पौधरोपण के बाद वन विभाग आज तक इस तरफ झांकने तक भी नहीं आया।