फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सहमे लोग, आशियाना छोड़ खेतों में लिया आसरा

Sat, 25 Apr 2015 11:50 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, आजमगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
शनिवार की दोपहर आए भूकंप के झटके से ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग सहम गए और घरों को छोड़कर खेतों में निकल गए। हालांकि भूकंप के झटके से जनपद में जन धन की ज्यादा क्षति नहीं हुई।
विज्ञापन

लाटघाट संवाददाता के अनुसार, हरैया ब्लाक के शाहडीह गांव में हीरालाल पुरुषोत्तम यादव का कच्चा मकान भूकंप के झटके में धराशाई हो गया। वहीं, रौनापार थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी कुमार यादव पुत्र हरिश्चंद्र यादव के मकान की दीवारों में दरार पड़ गईं। देवारा खास राजा के पल्टन यादव की छत में दरार पड़ गई। लाटघाट-रौनापार मार्ग के पुरानी सरयू नदी पुल में भी दरारें पड़ गईं। गोरिया बाजार संवाददाता के अनुसार, सगड़ी तहसील के बरनापुर गांव में श्याम प्यारी सिंह पत्नी स्व. सुदर्शन सिंह का कच्चा मकान गिर गया। सरदहां बाजार में रजिवान अहमद पुत्र स्व. इम्तेयाज अहमद के पक्के मकान की दीवार में दरारें पड़ गईं।

मेहनगर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में भूकंप के झटके से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। बिंद्रा बाजार संवाददाता के अनुसार, भूकंप का झटका लगते ही बाजार की सारी दूकानें बंद हो गईं। मार्टीनगंज संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के आधे घंटे के अंतराल पर दो बार आए भूकंप के झटकों से लोग सहम उठे। यूबीआई मार्टीनगंज की शाखा में भूकंप के दौरान मची भगदड़ में एक महिला का पैर टूट गया। फूलपुर/मेजवां संवाददाता के अनुसार, विद्यालय में बच्चों में सबसे ज्यादा दहशत देखने को मिली।
विज्ञापन

अंबारी संवाददाता के अनुसार, बाजार स्थित जामा मस्जिद का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। अतरौलिया संवाददाता के अनुसार, अतरौलिया बाजार की सभी दूकानें बंदकर लोगों सुरक्षित स्थानों की ओर चल दिए। अहरौला संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के मतलूबपुर कस्बे के ध्रुवचंद्र बरनवाल की पुत्री पूजा (18) छत से उतरते समय सीढ़ी से गिरकर घायल हो गई। क्षेत्र के हांसापुर खुर्द गांव में देवी प्रसाद के खेत में लगा विद्युत पोल गिर गया। क्षेत्र के करनपुर गांव में शारदा तिवारी के पक्के मकान की दीवार में दरारें पड़ गईं। इसी गांव में अशोक तिवारी पुत्र रामअजोर तिवारी की पशुशाला की मड़ई झटके से गिर गई। रामदुलार के दरवाजे पर सूखा आम का पेड़ भी गिर गया। वहीं, क्षेत्र के ग्राम असिलाई में विनोद सिंह का मकान बन रहा था। छत का सांचा मजदूर बना रहे थे। भूकंप के झटके से बांस बल्लियां गिरने लगीं। मजदूर जान बचाने के लिए छत से नीचे कूद पड़े। अमिलो/मुबारकपुर संवाददाता के अनुसार, मदरसा हेजाजिया में भूकंप झटके से दीवारें चटक गईं। मुहल्ला पुरसोफी में मुख्तार अहमद जे के मकान की दीवारों में भी दरार पड़ गईं। सरायमीर संवाददाता के अनुसार, दीनी मदरसा मदरसतुल इस्लाह में भगदड़ मच गई। गेट से बाहर निकलने में एक दर्जन छात्रों को चोटें आईं। वहीं, फातिमा गर्ल्स इंटर कालेज दाऊदपुर संजरपुर में सीढ़ी से नीचे उतरने के दौरान भगदड़ में आधा दर्जन छात्राएं घायल हो गईं और सीढ़ी की रेलिंग भी टूट गई। कस्बा सरायमीर में कुछ बिल्डिंगों में दरारें भी आई हैं। जहानागंज क्षेत्र के कटहुआं में भूकंप के झटके से भगवती सिंह का कच्चा मकान ढह गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें