आजमगढ़ पुलिस ने फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर ठगी करने वाले को बिहार के नवादा से गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी ने महिला बनकर करोड़ों रुपए देने के बहाने 18 लाख की ठगी की।
फेसबुक पर विदेशी महिला के नाम से आईडी बना कर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। रविवार को साइबर थाना पुलिस ने प्रकरण का खुलासा करते हुए आरोपी को बिहार के नवादा से गिरफ्तार करने का दावा किया। आरोपी के पास से छह मोबाइल और 8 सिमकार्ड बरामद किया गया है।
विज्ञापन
साइबर थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि 19 अक्टूबर 2022 को सिधारी क्षेत्र के रहने वाले राजेश कुमार राय ने तहरीर दिया कि फेसबुक पर विदेशी महिला लूसी चार्लोट ने दोस्ती कर 25000 यूके पौंड व महंगे उपहार देने के नाम पर मुझसे लगभग 18 लाख की साइबर धोखाधड़ी की है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया। इस दौरान नवादा और नालंदा बिहार के अंतर्राज्यीय साइबर गैंग के पांच अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए। प्रकाश में आए अभियुक्तों की तलाश में टीम बिहार गई। जहां से एक आरोपी सौरभ कुमार निवासी मिरबिघा चकवे थाना वारिसलिनगंज जला नवादा को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य अभियुक्त रिपांशु कुमार, दिलीप कुमार, रिपेश कुमार फरार हो गए। ट्रांजिट रिमांड पर साइबर सेल पुलिस रविवार को उसे लेकर जनपद में आई, जहां उसका चालान कर दिया गया।