कड़ा के सर्दी और कोहरे के बीच तीन दिनों तक लगातार बारिश से जहां ठंड में कुछ कमी आई थी वहीं सोमवार को अचानक सर्द हवा चलने से एक बार फिर से ठंड में इजाफा हो गया।
हालांकि थोड़ी देर के लिए सूर्य देव का दर्शन होने से लोगों को कुछ राहत मिली लेकिन शाम होते ही लोग घरों में दुबकने पर विवश हो गए।
बताते चलें कि माह दिसंबर में सर्दी इस कदर परवान चढ़ गई कि पारा सात डिग्री पहुंच गया था। इस बीच कोहरे ने भी जमकर कहर बरपाया। 31 दिसंबर की रात से आसमान में बादल छाने से एकबारगी ठंड से लोगों को निजात मिल गई थी।
लेकिन लगातार तीन दिन तक बरसात ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी। रविवार को बारिश थमी तो सोमवार को सर्द हवाओं का प्रकोप शुरू हो गया। इसका परिणाम रहा कि गलन बढ़ गई।
दूसरी तरफ रविवार को मौसम साफ होने पर सोमवार को नगर क्षेत्र के अधिकांश विद्यालय खुल गए। ऐसे में बच्चे ठंड के बीच ठिठुरते हुए विद्यालय जाने को विवश रहे। बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाले अभिभावकों को भी काफी मुशि्कलों का सामना करना पड़ा।
उधर, नगरवासियों का मानना है कि एक बार फिर सर्दी ने परेशान करेगी।
सोमवार को अधिकतम तापमान 15 तथा न्यूनतम 9 डिग्री रहा। इसके चलते गर्मी से लोगों को नाममात्र की राहत मिली। विशेषज्ञों का मानना है कि अभी ठंड आगे भी परेशान करेगी।