आजमगढ़। दीदारगंज में फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से डेढ़ लाख की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। एक व्यक्ति से फेसबुक मैसेंजर से साइबर ठगों ने ठगी कर ली। इसके बाद दिए नंबर पर फोन करने का प्रयास किया लेकिन वह फोन नहीं लगा। पीड़ित पक्ष को खुद के ठगे जाने का एहसास हुआ तो उसने शिकायत थाने पर की। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
दीदारगंज के खरसहन खुर्द गांव निवासी प्रवीण कुमार यादव ने थाने में तहरीर दी थी। बताया कि जौनपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के मीरमस्त गांव निवासी मो. कासिफ उनके परिचित मित्र हैं। बताया कि 23 अक्तूबर की रात आठ बजे मो. कासिफ के फेसबुक मैसेंजर से मेरे मैसेंजर पर संदेश आया। इसमें लिखा था कि ''मुझे दुबई के दूतावास में वहां की पुलिस ने बैठा लिया है। मेरा बीजा पासपोर्ट भी जब्त है। इसलिए फोन से बात नहीं हो सकती। आप अपना खाता न भेज दीजिए मैं उसमे चार लाख 50 हजार रुपये भेजवा रहा हूं। कुछ देर बाद उक्त मैसेंजर से मैसेज करने वाले व्यक्ति ने दुबई से मुझे चार लाख 50 हजार रुपये की बैंक ट्रांजेक्शन स्लीप भेज दी। मैसेंजर पर व्हाट्सएप नंबर दिया और कहा कि यह अबू बकर का नंबर है, आप बात कर लीजिए। अबू बकर जहां-जहां कहेगें आप पैसा भेज दीजिएगा। विश्वास करके पीड़ित ने अबू बकर के व्हाट्सएप पर फोन कर बात की। इसके बाद बकर के कहने पर पीड़ित ने ऑनलाइन अलग-अलग खातों में कुल एक लाख 50 हजार रुपये भेजे। जब उसके खाते में पैसा नहीं पहुंचा तो उसे साइबर ठगी की आशंका हुई तो उसने साइबर सेल के टोलफ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। घटना घटित होने के बाद जांच पड़ताल करने पर पता चला कि फेसबुक मैसेंजर पर जो मैसेज आया था वह मेरे मित्र मो. कासिफ की फर्जी फेक आईडी साइबर अपराधियों द्वारा बनाई गई थी।