निजामाबाद में गिरफ्तार बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर देकर ठग
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर देकर बेरोजगारों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। सोमवार को पुलिस ने चारों को आजमगढ़ रोडवेज के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चारों शातिर अपराधी हैं और कई सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर फ्राड कर चुके हैं। पुलिस ने बताया कि ये अपराधी दर्जनों लोगों से 40 से 50 लाख की ठगी कर चुके हैं।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के खादा गांव निवासी प्रिंस शर्मा ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जहानागंज के बरहतीर गांव निवासी हरिलाल गौतम पुत्र घुरहू, विवेक सिंह, राजेश गुप्ता निवासी विकास खंड गोमती नगर लखनऊ ने उससे आर्डिनेंस फैक्ट्री में नौकरी दिलाने के नाम पर 63 हजार रुपये लिया था। पैसा लेने के बाद इन लोगों ने उसे फर्जी ज्वाइनिंग लेटर पकड़ा दिया। ज्वाइन करने आर्डिनेंस फैक्ट्री पहुंचने पर उसे जालसाजी का पता चला। प्रिंस की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुन्नी राम निवासी नदवा थाना तरवां का नाम भी सामने आया। मुखबिर की सूचना पर निजामाबाद पुलिस ने रोडवेज के पास से चार जालसाज हरिलाल गौतम, विवेक सिंह निवासी बीहड़ थाना टिकैटनगर बाराबंकी, राजेश गुप्ता निवासी विकास खंड गोमती नगर लखनऊ और मुन्नी राम निवासी नदवा थाना तरवां को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के पास से पुलिस ने रेलवे, एफसीआई, कोआर्डिनेंस फैक्ट्री, लखनऊ मेट्रो समेत कई सरकारी विभागों में फर्जी नियुक्ति का प्रमाणपत्र भी बरामद किया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह चलाते हैं। बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करते हैं।