चुनाव के कारण लगी आचार संहिता के कारण 41 दिनों तक जनपद में तहसील दिवस का आयोजन नहीं किया गया। एक नवंबर की मतगणना के बाद जैसे ही अधिसूचना हटी मंगलवार को जनपद की समस्त तहसीलों पर तहसील दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने सदर तहसील में शामिल होकर फरियादियों की फरियाद सुनी। मालूम हो कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा 21 नवंबर को आचार संहिता लगा दी गई थी। जो जनपद में 41 दिनों तक लागू रही।
जैसे ही एक नवंबर को मतगणना का कार्य संपन्न हुआ दो नवंबर से आचार संहिता हटा ली गई। आचार संहिता हटने के बाद मंगलवार को पहले तहसील दिवस का आयोजन किया।
हालांकि जानकारी न होने के कारण तहसील दिवसों पर फरियादियों की संख्या कम ही रही। जिलाधिकारी सुहास एलवाई सदर तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनी।
कुछ का निस्तारण किया और शेष को संबंधित विभागों के हवाले कर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तहसील के अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया।