आजमगढ़। जनपद पुलिस ने बुधवार को चोरी व चोरी के प्रयास के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। महराजगंज व अतरौलिया क्षेत्र में हुई चोरी का जहां खुलासा हुआ तो वहीं जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में चोरी के प्रयास के दौरान ही दो अभियुक्त पकड़ लिए गए।
महराजगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में वांछित चल रहे गौरव सिंह उर्फ मोनू निवासी रायपुर थाना महराजगंज को मुखबिर की सूचना पर रायपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के कुछ जेवरात व पैसे बरामद हुए। इसी क्रम में अतरौलिया थाना पुलिस ने भी मुखबिर की सूचना पर चोरी के वांछित अभियुक्त राजनाथ चौहान निवासी देवरिया थाना कप्तानगंज को जूनियर हाईस्कूल बड़ागांव ग्राम के पास से बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के सामानों के साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त होने वाले हथियार भी बरामद हुए।
जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात गश्त के दौरान दो युवकों को मुखिबर की सूचना पर पकड़ा। पकड़े गए युवकों की गिरफ्तारी खानकाह बहरामपुर के पास से की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सरताज आलम व सूरज निवासी आदर्शनगर कस्बा जीयनपुर बताया। पुलिस के अनुसार दोनों दवा की दुकान में चोरी की जुगत में थे। पुलिस ने सभी का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।