महराजगंज थाना क्षेत्र के अक्षयबट गांव में सोमवार की सुबह दो पक्षों के बीच हो रही कहासुनी के दौरान एक पक्ष की तरफ से की गई फायरिंग में गोली लगने से रिटायर फौजी सहित चार लोग घायल हो गए। तीनों को पीएचसी महराजगंज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार दोनों गुटों में वर्चस्व की लड़ाई है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है।
एसओ महराजगंज केडी त्रिपाठी के अनुसार, अक्षयबट गांव में एक बड़की और दूसरी छोटकी पट्टी है। इन दोनों पट्टी के रहने वालों में वर्चस्व की जंग चलती है। बड़की पट्टी निवासी अंगद सिंह की जमीन में गांव के एक व्यक्ति ने मोटर सर्विसिंग की दुकान खोला है। रविवार को छोटकी पट्टी के रहने वाले पवन सिंह अपनी कार धुलवाने गए थे। तो दुकानदार ने कहा कि अंगद सिंह ने मना किया है। सोमवार की सुबह अंगद सिंह शौच करने जा रहे थे तो पवन सिंह ने अपने पुरवे के रहने वालों के साथ उन्हें अपने खेत की तरफ से जाने से मना कर दिया।
इस बात पर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। अभी कहासुनी चल ही रही थी कि किसी ने फायर कर दिया गोली रिटायर फौजी आनंद सिंह (55), प्रिया (22) पुत्री अंगद सिंह, नंदनी (19) पुत्री प्रमोद सिंह और रुबी 28 पत्नी राघवेंद्र के पैर में लगी। घटना के बाद दोनों ही पुरवे के ज्यादातर लोग घर छोड़कर फरार हो गए। एसओ महराजगंज केडी त्रिपाठी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।