24 : महाराणा प्रताप सेना द्वारा सम्मानित किए गए पूर्व सैनिक।- संवाद
आजमगढ़। ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में रविवार को महाराणा प्रताप सेना ने रविवार को पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने के लिए ‘पराक्रम सम्मान समारोह’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में देश सेवा में योगदान देने वाले अनेक पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। शुभारंभ महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि विंग कमांडर कुमार राजीव रंजन को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए हुआ। विशिष्ट अतिथियों में एनएसजी कमांडो गिरीश चंद्र राय, कैप्टन गिरीश चंद राय, कैप्टन अभिराम सिंह और कैप्टन हरिहर सिंह शामिल रहे, जिनका भी जोरदार स्वागत कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि विंग कमांडर कुमार राजीव रंजन ने कहा कि यदि ऑपरेशन सिंदूर दो वर्ष पहले हुआ होता, तो शायद मुझे भी वायुसेना में रहते हुए भाग लेने का अवसर मिलता, पर गर्व है कि मेरे बेटे ने एयरफोर्स में देश की इस लड़ाई में हिस्सा लिया। ऑपरेशन सिंदूर की रणनीतिक सफलता को भारतीय सेना की युद्ध कौशल का बेजोड़ उदाहरण बताया और कहा कि ऐसे आयोजन देश की युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और सम्मान की भावना को बढ़ावा देते हैं। एनएसजी कमांडो गिरीश चंद्र राय ने भारतीय सेना की “मनौबल आधारित विजय” की बात करते हुए कहा कि हर जंग भारतीय सेना अपनी मानसिक और रणनीतिक ताकत से जीतती है। कैप्टन हरिहर सिंह, श्यामा चरण सिंह, दुलारे सिंह, नंदलाल यादव, रणजीत सिंह, लालचंद यादव, जगधारी यादव, रघुनाथ पांडेय, रामनयन सिंह, रामरूप सरोज, नायब सूबेदार बहादुर सिंह और जगदीश चंद्र शर्मा आदि का सम्मान किया। इस मौके पर अशोक कुमार सिंह, वीरभद्र सिंह, दीनानाथ सिंह (संगठन मंत्री), लल्लन राय, गुलाब राय, शिवम सिंह आदि उपस्थित थे।