आजमगढ़। शिब्ली नेशनल इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य को पुलिस ने सोमवार को उनके जालंधरी मुहल्ला स्थिति ससुराल से गिरफ्तार कर लिया। वे विद्यालय के पूर्व प्रबंधक के साथ 1.22 करोड़ के गबन के मामले में वांछित चल रहे थे। प्रबंधक कमेटी के सदस्य द्वारा पूर्व प्रबंधक व पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया था।
शिब्ली नेशनल इंटर कालेज के प्रबंधक महफूजुर्रहमान बेग निवासी अंजानशहीद थाना कोतवाली जीयनपुर ने शहर कोतवाली में पूर्व प्रबंधक अब्दुल कय्यूम व प्रधानाचार्य निसार अहमद के खिलाफ 1.22 करोड़ के गबन की तहरीर दिया था। तहरीर में उन्होंने बताया कि संस्थागत अंग्रेजी माध्यम के छात्रों को बिना किसी मान्यता के ही वित्तविहीन का छात्र बनाकर अवैधानिक तरीके से कुल 12247036 रूपये अतिरिक्त अपने कार्यकाल के दौरान वसूल किए गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया। विवेचना में आरोप की पुष्टि के बाद पुलिस ने सोमवार को पूर्व प्रधानाचार्य निसार अहमद को मुहल्ला जालंधरी स्थित उनकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में निसार अहमद ने बातया कि सत्र 2019-2020 व 2020-21 में कक्षा 6-12 तक के संस्थागत विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम के छात्रों से वित्तविहिन का छात्र बनाकर निर्धारित फीस से अधिक की वसूली की गई थी। जिसे वह और तत्कालीन प्रबंधक ने स्कूल फंड में जमा नहीं किया। जब जांच के बाद अधिकारीगण द्वारा जमा करने के लिए कहा गया तो कूटरचित दस्तावेज के आधार पर आडिट रिपोर्ट तैयार करा कर लगा दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार प्रधानाचार्य का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।