नगर के हरवंशपुर मुहल्ले में स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा बुधवार को सुबह पूर्व सांसद रमाकांत यादव के नौकर की पिटाई कर देने से गुस्साए पूर्व सांसद के करीब दर्जन भर हथियार बंद समर्थक स्कूल परिसर में घुस आए और हवाई फायरिंग कर स्कूल स्टाफ तथा छात्रों की जमकर पिटाई कर दी। इससे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के विरोध में छात्रों ने आरटीओ कार्यालय के पास सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में एसपी आकाश कुलहरि ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश थानाध्यक्ष सिधारी को दिया।
आरटीओ कार्यालय के पास हरवंशपुर मुहल्ले में भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत यादव का आवास है। पास में ही राजेंद्र यादव का सर्वोदय पब्लिक स्कूल है। बुधवार की सुबह रमाकांत का एक नौकर सामान लेकर जा रहा था कि स्कूल के किसी छात्र से उसे धक्का लग गया। दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। यह देख अन्य छात्रों ने मिलकर उसे पीट दिया। नौकर के जाने के थोड़ी देर बाद सांसद के करीब दर्जन भर हथियार बंद समर्थक स्कूल में घुस आए और जो जहां मिला उसे वहीं पीटने लगे। इससे स्कूल में भगदड़ मच गई। स्कूल प्रबंधक का कहना है कि हमलावरों ने ईंट पत्थर चलाने के साथ हवाई फायरिंग भी की।
घटना में स्कूल के रामाश्रय यादव, सुभाष यादव, जयप्रकाश, संदीप और गोरख सहित करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वीआईपी इलाके में हुई इस घटना से वहां अफरातफरी मच गई। इस बीच हमलावर फरार हो गए। बाद में स्कूल के छात्र दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर उतर आए और आरटीओ कार्यालय के पास सिधारी-निजामाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। पास में आवास होने की वजह से एसपी, सहित अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
कालेज के प्रबंधक ने उन्हें सबूत के तौर पर घटना से संबंधित सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिग भी सौंपी। एसओ सिधारी रामनरेश यादव ने बताया कि स्कूल प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव की तहरीर पर पूर्व सांसद रमाकांत यादव सहित 12 लोगों पर बलवा, मारपीट, धमकी देने और हवाई फायरिंग की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।