जिले में कोहरे और ठंड का असर गुरुवार को भी जारी रहा। हालांकि तीन दिनों की अपेक्षा आज कोहरा कम रहा मगर सर्द हवाओं के कारण गलन बढ़ती रही। वहीं, नगरपालिका महज कागजों में ही अलाव जला रही है। रोडवेज, चौक, कचहरी के आसपास कहीं भी अलाव की व्यवस्था न होने के नाते लोग नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशाषी अभियंता के खिलाफ नाराजगी दिखा रहे हैं।
बुधवार की रात कोहरे के कारण सड़क पर चलने वाले वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गलन बढ़ने के कारण रोज धमाचौकड़ी मचाने वाले बंदरों का झुंड भी काफी शांत नजर आया। नगरपालिका की ओर से अलाव की व्यवस्था सिर्फ हवा हवाई साबित हो रही है।
जिला अस्पताल और ब्रह्मस्थान पुलिस चौकी को छोड़ दे तो कही भी अलाव जलते नहीं दिख रहा है। वहीं जिला कारागार सहित जिन 11 स्थानों पर अलाव जलाने की बात नगर पालिका ने कही है उनमें कई जगहों पर एक भी लड़की नहीं मिली। अलबत्ता मंडलीय कारगार के बाहर थोड़ी बहुत राख जरूर दिखी।
खास कर रोडवेज के आस पर रिक्शा चालक देर रात ठंड से ठिठुरते नजर आए। वहीं, कुछ जगहों पर सूर्य निकलने का परिणाम रहा कि शाम होते ही कोहरे ने अपनी चादर फैलानी शुरू कर दी थी। रात के 10 बजते-बजते पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था, जिसके कारण गाड़ियों की स्पीड पर भी ब्रेक लग गया। तेजी से चलने वाली गाड़ियां रेंगती नजर आईं।